June 6, 2026

पुणे एयरपोर्ट पर सुखोई फाइटर जेट की हार्ड लैंडिंग, रनवे 10 घंटे बंद; IAF ने जांच के आदेश दिए

New Delhi/Alive News: पुणे के सिविल-मिलिट्री एयरपोर्ट पर शुक्रवार रात भारतीय वायुसेना के सुखोई Su-30MKI फाइटर जेट की हार्ड लैंडिंग हुई। इस घटना के बाद वायुसेना ने जांच के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दे दिए हैं।

लैंडिंग के दौरान विमान के लैंडिंग गियर (अंडरकैरेज) में खराबी आ गई, जिससे जेट रनवे के बीच में ही रुक गया। इस वजह से रनवे करीब 10 घंटे तक बंद रहा। शनिवार सुबह भारी मशीनों और क्रेन की मदद से विमान को हटाया गया, जिसके बाद उड़ान सेवाएं दोबारा शुरू की गईं।

घटना रात करीब 10:25 बजे हुई। अच्छी बात यह रही कि दोनों पायलट पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी भी नागरिक संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचा। लैंडिंग के समय हल्की आग भी लगी थी, जिसे तुरंत बुझा दिया गया।

एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, विमान के रनवे पर फंस जाने से कई उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा और कुछ उड़ानें रद्द भी करनी पड़ीं।

वायुसेना के प्रवक्ता ने बताया कि इस घटना की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी बनाई गई है। जांच में यह देखा जाएगा कि लैंडिंग के समय क्या तकनीकी खराबी थी, विमान की स्पीड क्या थी और पायलट्स की प्रतिक्रिया कैसी रही।

फिलहाल, सुरक्षा जांच के बाद एयरपोर्ट पर उड़ान सेवाएं धीरे-धीरे सामान्य कर दी गई हैं।