Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-24 स्थित मुजेसर इंडस्ट्रियल एरिया में शनिवार रात एक थर्माकोल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पास की दो अन्य कंपनियां भी इसकी चपेट में आ गईं। करीब 4 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
पुलिस के अनुसार, प्लॉट नंबर 110 पर स्थित किरण पैकेजिंग इंडस्ट्री में अचानक आग लगी। आग लगते ही फैक्ट्री में मौजूद मजदूरों को तुरंत बाहर निकाला गया। इस दौरान फैक्ट्री में कई धमाके भी हुए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
आग की लपटों ने पास की ओमेगा ब्राइट स्टील इंडस्ट्री और एनवोसफे एक्वा सॉल्यूशन्स को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में किरण पैकेजिंग और ओमेगा ब्राइट स्टील को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ, जबकि तीसरी कंपनी का पिछला हिस्सा प्रभावित हुआ।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आसपास के इलाके में ट्रैफिक रोक दिया, ताकि फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आसानी से मौके पर पहुंच सकें। भीड़ को काबू करने के लिए हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 18 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग बुझाई गई। शुरुआती अनुमान के मुताबिक इस हादसे में करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है।
बता दें कि कुछ दिन पहले भी इसी औद्योगिक क्षेत्र में एक वर्कशॉप में आग लगने से बड़ा हादसा हुआ था, जिसमें 6 लोगों की जान चली गई थी।
फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही असली वजह सामने आएगी।

