June 6, 2026

RTE के तहत छात्रों को निजी स्कूलों में नहीं मिल रहा दाखिला, 9 मई आखिरी तारीख

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में आरटीई (शिक्षा का अधिकार) के तहत पात्र छात्रों को प्राइवेट स्कूलों में दाखिला नहीं मिल रहा है। हरियाणा अभिभावक एकता मंच ने इस मामले में मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।

मंच का कहना है कि कई निजी स्कूल, खासकर सीबीएसई स्कूल, अलॉटेड बच्चों को एडमिशन देने से मना कर रहे हैं। कुछ स्कूल बच्चों और उनके अभिभावकों को गेट से ही वापस भेज रहे हैं या अलग-अलग कारण बताकर दाखिला टाल रहे हैं। उनका मकसद 9 मई की आखिरी तारीख निकलवाना है।

मंच ने यह भी आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग की लापरवाही का खामियाजा गरीब अभिभावकों को भुगतना पड़ रहा है। कई बच्चों को उनके घर से 5 से 10 किलोमीटर दूर स्कूल अलॉट किए गए हैं, जबकि उन्होंने पास के स्कूल चुने थे।

नेहरू कॉलोनी, एनआईटी की निवासी अनीता महतो ने बताया कि उन्होंने अपने बच्चे के लिए पास के स्कूल चुने थे, लेकिन उन्हें 10 किलोमीटर दूर पल्ला के स्कूल में दाखिला मिला। उन्होंने इस मामले में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी को शिकायत दी है।

मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि अभिभावक अपनी शिकायतें अधिकारियों को दे रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि 9 मई से पहले स्कूल जाकर दाखिला करवाने की कोशिश करें। अगर स्कूल मना करे, तो तुरंत इसकी लिखित शिकायत सेक्टर-16 स्थित डीईईओ कार्यालय में करें।