April 24, 2024

सामाजिक क्षेत्र में बेहतर कार्यों के लिए छात्रा को जिले में मिला दूसरा स्थान

Faridabad/Alive News : राजकीय महिला महाविद्यालय सेक्टर 16-ए की स्वयंसेवक छात्रा काजल ने समाज सेवा, सामाजिक जागरूकता जैसे कार्यो में बेहतर प्रदर्शन कर जिला स्तर पर लड़कियों में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं सामूहिक रूप से जिला स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया है। काजल अब विश्वविद्यालय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ स्वंयसेवक अवार्ड के लिए फरीदाबाद का प्रतिनिधित्व करेंगी।

प्राचार्या डा. सुनिधि ने काजल एवं महाविद्यालय की स्वंयसेवक इकाई की इंचार्ज डा. रचना सैनी को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए बताया कि शुक्रवार को फरीदाबाद के अग्रवाल कॉलेज में जिला स्तरीय सर्वश्रेष्ठ स्वंयसेवक चयन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। जिसमें जिला के सभी महाविद्यालयों के स्वयंसेवकों ने भाग लिया था। इस प्रतियोगिता में कॉलेज की छात्रा काजल को बेहतर सामाजिक कार्यों के लिए लड़कियों में प्रथम एवं जिला स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने बताया कि अब विश्वविद्यालय स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में काजल लड़कियों की प्रतियोगिता में फरीदाबाद का नेतृत्व करेगी ।

स्वयंसेवक इकाई इंचार्ज डा. रचना सैनी ने बताया कि स्वयंसेवक छात्राओं ने इस बार करोना काल में अपनी परवाह किए बिना कई तरह के अभियान चलाकर खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को जागरूक करने का कार्य किया है। जिसमें काजल का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। जिसके लिए स्वयंसेवक छात्रा काजल बधाई की पात्र हैं ।