Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने हरियाणा में बढ़ती निकोटीन पाउच की बिक्री पर चिंता जताई है और इसे रोकने के लिए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ये उत्पाद युवाओं के स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हो सकते हैं।
डीसी ने बताया कि निकोटीन पाउच ऑनलाइन ऐप्स, दुकानों और अन्य माध्यमों से आसानी से बेचे जा रहे हैं। इसके अलावा, इनके बनाने की मशीनें और कच्चा माल भी बाजार में उपलब्ध है, जिससे इनके अवैध निर्माण का खतरा बढ़ रहा है।
प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे इन उत्पादों के निर्माण, भंडारण, बिक्री और सप्लाई पर कड़ी नजर रखें और जहां भी अवैध काम हो रहा हो, वहां तुरंत कार्रवाई करें।
उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों में ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 के तहत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस को भी भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 123 और 275 के तहत कानूनी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
डीसी ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे की इस नई आदत से बचाना और लोगों के स्वास्थ्य की रक्षा करना है। इसके लिए सभी विभाग मिलकर काम करेंगे।
उन्होंने आम लोगों से भी अपील की है कि वे ऐसे उत्पादों का इस्तेमाल न करें और अगर कहीं इनकी अवैध बिक्री या निर्माण हो रहा हो तो तुरंत प्रशासन को जानकारी दें।

