June 6, 2026

जनगणना 2026: 1 मई से शुरू होगा हाउस काउंट, 16 अप्रैल से खुद ऑनलाइन भर सकेंगे जानकारी

Faridabad/Alive News: हरियाणा में जनगणना 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में जनगणना संचालन निदेशक डॉ. ललित जैन ने एक राज्य स्तरीय ऑनलाइन बैठक कर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। फरीदाबाद से जिला परिषद की सीईओ शिखा भी इस बैठक में शामिल हुईं।

डॉ. जैन ने बताया कि जनगणना दो चरणों में होगी। पहला चरण हाउस लिस्टिंग (हाउस काउंट) का होगा, जो 1 मई से 31 मई 2026 तक चलेगा। इसके लिए करीब 65 हजार स्कूल शिक्षक प्रगणक के रूप में काम करेंगे। दूसरा चरण जनसंख्या गणना का होगा, जो 9 फरवरी 2027 से 1 मार्च 2027 तक देशभर में एक साथ किया जाएगा।

इस बार जनगणना में बड़ा बदलाव किया गया है। अब पूरी प्रक्रिया डिजिटल होगी और लोग अपनी जानकारी खुद भी ऑनलाइन भर सकेंगे। इसके लिए se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा, जहां एक मोबाइल नंबर से यूनिक आईडी (SE ID) बनाई जाएगी।

डॉ. जैन ने बताया कि नागरिकों को 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक स्वयं जनगणना (Self Enumeration) का मौका मिलेगा। अगर कोई परिवार पहले ही अपनी जानकारी ऑनलाइन भर देता है, तो बाद में प्रगणक के आने पर सिर्फ अपनी SE ID दिखानी होगी, दोबारा जानकारी देने की जरूरत नहीं होगी। जरूरत पड़ने पर जानकारी में बदलाव भी कराया जा सकेगा।

सरकार इस नई प्रक्रिया के प्रचार के लिए जागरूकता अभियान भी चला रही है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इस सुविधा का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाएं और सही जानकारी देकर जनगणना में सहयोग करें, ताकि सटीक आंकड़े मिल सकें।

बैठक में जिला जनगणना समन्वय अधिकारी प्रशांत शर्मा, सीटीएम अंकित कुमार और डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।