May 7, 2024

दशहरा से निजी नौकरियों में प्रदेश के युवाओं को 75 फीसदी मिलेगा आरक्षणः चौटाला

Chandigarh/Alive News: हरियाणा में दशहरा य़ानी 15 अक्तूबर से निजी क्षेत्र की नौकरियों में 75 प्रतिशत आरक्षण लागू हो जाएगा। प्रदेश के युवाओं को 50 हजार रुपये तक की नौकरी में इसका लाभ मिलेगा। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने बुधवार को पंचकूला में जजपा की राष्ट्रीय-राज्य कार्यकारिणी की बैठक में इसकी घोषणा की।

उन्होंने कहा कि जजपा ने अपने चुनाव घोषणा पत्र में किए बड़े वादे को पूरा कर दिया है। 75 फीसदी आरक्षण का कानून दो दिन बाद प्रदेश में लागू होने जा रहा है। इसके नियम-शर्तें बना लिए गए हैं। जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय चौटाला ने कहा कि इस बार 9 दिसंबर को जननायक जनता पार्टी अपना तीसरा स्थापना दिवस झज्जर में मनाएगी। 2022 की शुरूआत में बड़े स्तर पर सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।

10 लाख नये सदस्य जोड़ने का लक्ष्य रखा है। बैठक में प्रदेश में होने वाले निकाय, पंचायत चुनावों, पड़ोसी राज्यों के विधानसभा चुनावों, पार्टी के सदस्यता अभियान समेत अनेक राजनीतिक मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इसके बाद सर्वसम्मति से कई अहम निर्णय लिए गए। उचाना से वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक भाग सिंह छातर जजपा में शामिल हुए हैं। अजय ने कहा कि झज्जर में होने वाले कार्यक्रम के लिए 45 हजार नये सक्रिय कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी लगा दी गई है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार तमाम वर्गों के हित में निरंतर ऐतिहासिक कदम उठा रही है। जेजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री अनूप धानक ने सभी नए सक्रिय कार्यकर्ताओं से घरों पर पार्टी का झंडा लगाकर प्रचार करने का आह्वान किया। प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला ने कहा कि गरीब, किसान, कमेरे वर्ग के हित में जजपा की नियति और नीति स्पष्ट है। उन्होंने 75 प्रतिशत रोजगार कानून को लेकर उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का आभार जताया।