May 11, 2024

फरीदाबादः नवविवाहिता की हत्या, अदिति ने घर से भाग की थी लव मैरिज, गले में फंदा और बंधे मिले हाथ

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के करनेरा इलाके में लव मैरिज के एक महीने बाद ही नव विवाहिता की हत्या कर दी गई। वह फंदे पर लटकी मिली और उसके हाथ भी बंधे हुए थे। युवती ने घर से भाग कर शादी की थी और जिससे नाराज होकर परिजनों ने उससे नाता तोड़ दिया था। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है, पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

मिली जानकारी अनुसार ओल्ड फरीदाबाद की बसेलवा कॉलोनी में रहने वाली अदिति (21) करीब एक साल से एनएच- 19 स्थित साइ एक्सपोर्ट कंपनी में काम कर रही थी। वहीं पर उसकी मुलाकात करनेरा निवासी अभिषेक नाम के एक लड़के से हुई थी। दोनों करीब आ गए और प्रेम प्रसंग में दोनों ने शादी करने का फैसला किया। परिजन शादी के लिए तैयार नहीं हुए तो अदिति करीब एक महीना पहले घर से भागकर अभिषेक से प्रेम विवाह कर लिया।

अदिति के परिजनों के मुताबिक शुक्रवार को अभिषेक का फोन आया कि अदिति की मौत हो गई है। वे मौके पर पहुंचे तो अदिति के दोनों हाथ बने हुए थे। गले में दुपट्टा बंधा हुआ था और उसकी मौत हो चुकी थी। आरोप है कि अदिति की गला घोंट कर हत्या की गई है। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया। शनिवार को अस्पताल में पोस्टमॉर्टम किया जा रहा है।

परिजनों के अनुसार बेटी ने घर से भाग कर शादी की तो उन्होंने नाता तोड़ लिया था। बाद में फोन कर बेटी ने बताया कि ससुराल वाले उसे प्रताड़ित कर रहे हैं। उसकी सास उनसे एक लाख रुपए दहेज की डिमांड कर रही थी। बेटी के दुख को देखते हुए वे रकम का इंतजाम कर रहे थे, उससे पहले ही अदिति की हत्या कर दी गई। पिता व सास के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।