September 10, 2026

रक्षाबंधन पर बेटी ने भाई मांगा तो एक महीने का बच्चा चुरा ले गया दंपति, केस दर्ज

New Delhi/Alive News: दिल्ली के एक कपल पर महीनेभर का बच्चा चुराने का आरोप है। कपल की बेटी ने उनसे रक्षाबंधन पर राखी बांधने के लिए भाई लाने को कहा था। इसके बाद कपल ने फुटपाथ पर रहने वाले दंपती का बच्चा चुरा लिया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शुक्रवार को आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक गुरुवार सुबह 4.34 बजे पुलिस को फुटपाथ पर रहने वाले एक कपल के बच्चे के अपहरण होने की शिकायत मिली थी। बच्चे की मां दिव्यांग है, उन्होंने बताया कि सुबह करीब तीन बजे से उनका बच्चा गायब है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज चेक किए तो बाइक पर दो लोग इलाके में घूमते दिखे।

जांच में पता चला कि बाइक संजय नाम के शख्स के नाम से रजिस्टर्ड है। इसके बाद पुलिस ने महिला स्टाफ के साथ करीब 15 लोगों की टीम के साथ संजय के घर तलाशी ली। यहां उन्हें बच्चा मिल गया। आरोपियों की पहचान टैगोर गार्डन के रघुबीर नगर में रहने वाले संजय गुप्ता (41 साल) और अनीता गुप्ता (36) के रूप में हुई है। पिछले साल उनके 17 साल की बेटे की मौत हो गई थी। दोनों को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।