March 8, 2026

दीक्षा पब्लिक स्कूल में खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ, एसएचओ ने दी नशे से दूर रहने की सलाह

Faridabad/Alive News: स्थित दीक्षा पब्लिक स्कूल में चार दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। इस मौके पर छात्रों ने कबड्डी, खो-खो और दौड़ जैसी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और बेहतरीन प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पल्ला थाना प्रभारी (एसएचओ) सत्य प्रकाश रहे।

दौड़ प्रतियोगिता में पहली कक्षा की छात्रा दिव्या ने पहला स्थान, मनीषा ने दूसरा और प्रिया ने तीसरा स्थान हासिल किया। पुरुष वर्ग में आतिफ, जय और आर्यन क्रमशः पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। दूसरी कक्षा में अयान अली ने पहला, मयंक राणा ने दूसरा और आर्यन शर्मा ने तीसरा स्थान पाया। वहीं महिला वर्ग में आकृति, राधिका और अवनी विजेता रहीं।

एसएचओ सत्य प्रकाश ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि नशे से हमेशा दूर रहना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों के साथ समय बिताएं और उनकी बातों को ध्यान से सुनें।

विद्यालय के चेयरमैन ओमप्रकाश रैक्सवाल ने अतिथि को पौधा और स्मृति चिन्ह भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत दो मिनट के मौन से हुई, जिसमें दिल्ली में हाल ही में दिवंगत हुए निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि दी गई।