Entertainment/Alive News:बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र को बुधवार सुबह मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वे पिछले दो दिनों से सांस लेने में तकलीफ के कारण भर्ती थे। अब उनका इलाज घर पर ही किया जाएगा।
धर्मेंद्र के डॉक्टर डॉ. प्रतीत समदानी ने बताया कि अभिनेता की तबीयत में सुधार है। पिछले कुछ हफ्तों से वे कभी अस्पताल में भर्ती हो रहे थे, तो कभी घर लौट रहे थे। बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे उन्हें डिस्चार्ज किया गया।
डिस्चार्ज के बाद परिवार ने मीडिया और लोगों से प्राइवेसी बनाए रखने की अपील की है। परिवार ने कहा,
“धर्मेंद्र जी को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है और अब वे घर पर आराम करेंगे। कृपया कोई अफवाह न फैलाएं और इस समय उनकी तथा परिवार की प्राइवेसी का सम्मान करें। हम सभी का धन्यवाद करते हैं जिन्होंने उनकी अच्छी सेहत और लंबी उम्र के लिए दुआ की।”
धर्मेंद्र के घर के बाहर फैंस की भीड़ न जुटे, इसके लिए पुलिस ने उनके घर की गली को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। बता दें कि धर्मेंद्र को 10 नवंबर को तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें सांस लेने में तकलीफ थी और डॉक्टरों ने कुछ समय के लिए वेंटिलेटर पर रखा था।
मंगलवार को सनी देओल की टीम ने बताया था कि धर्मेंद्र की हालत में सुधार हो रहा है।
इस बीच, परिवार ने उनके निधन से जुड़ी झूठी खबरों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसी अफवाहें फैलाने से बचें।

