March 7, 2026

खेल बराबरी और सामाजिक बदलाव का जरिया हैं : कैबिनेट मंत्री

Faridabad/Alive News: मानव रचना शैक्षिक संस्थान परिसर में आयोजित राष्ट्रीय फुटसल चैंपियनशिप 2026 में भाग लेते हुए कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि खेल सिर्फ जीत-हार तक सीमित नहीं होते, बल्कि ये समान अवसर, आत्मसम्मान और सामाजिक बदलाव का मजबूत माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि समावेशी खेल एक सशक्त भारत और सशक्त युवाओं की नींव रखते हैं।

कैबिनेट मंत्री ने स्पेशल ओलिंपिक्स भारत की अध्यक्ष डॉ. मल्लिका नड्डा को उनके नेतृत्व और दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए किए जा रहे प्रयासों के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन में स्पेशल ओलिंपिक्स भारत आज ऐसा मंच बन चुका है, जहां दिव्यांग खिलाड़ियों को सम्मान, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।

विपुल गोयल ने कहा कि भारत की संस्कृति एकता और समानता पर आधारित रही है। जरूरत है कि इन मूल्यों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और खेल जैसे हर क्षेत्र में अपनाया जाए, ताकि हर व्यक्ति को अपनी प्रतिभा दिखाने का समान मौका मिले। उन्होंने कहा कि खेल सिर्फ शारीरिक फिटनेस नहीं सिखाते, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व और समाज में समान भागीदारी का संदेश भी देते हैं।

उन्होंने बताया कि इस राष्ट्रीय फुटसल चैंपियनशिप में देश के 19 राज्यों से 227 खिलाड़ी और प्रशिक्षक भाग ले रहे हैं, जो इस आयोजन की सफलता और महत्व को दर्शाता है। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच देते हैं।

कैबिनेट मंत्री ने प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के स्वास्थ्य परीक्षण और युवा नेतृत्व विकास से जुड़े प्रयासों की भी सराहना की। अंत में उन्होंने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, स्वयंसेवकों और आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और कहा कि सभी को मिलकर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि समावेशन भारतीय खेल संस्कृति का स्थायी हिस्सा बने