June 26, 2026

बल्लभगढ़ में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ सख्ती, 40 हजार रुपये जुर्माना और 5 किलो पॉलीथिन जब्त

Faridabad/Alive News: उपायुक्त आयुष सिन्हा के निर्देश पर फरीदाबाद जिले में पर्यावरण संरक्षण के लिए “एकल-उपयोग प्लास्टिक को ना कहें” अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 8 जनवरी को बल्लभगढ़ और अनाज मंडी सहित आसपास के बाजारों में विशेष जांच अभियान चलाया गया।

इस कार्रवाई में हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और नगर निगम फरीदाबाद की संयुक्त टीम ने बाजारों का निरीक्षण किया। जांच टीम में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से फील्ड ऑफिसर विकास कुमार और नगर निगम से स्वच्छता निरीक्षक ओम अत्रीनरेंद्र शामिल रहे।

निरीक्षण के दौरान प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग करते पाए जाने पर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 40 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया और करीब 5 किलो पॉलीथिन व अन्य प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री जब्त की गई।

अभियान के दौरान दुकानदारों, मजदूरों और स्थानीय लोगों के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें एकल-उपयोग प्लास्टिक से पर्यावरण और स्वास्थ्य को होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भविष्य में सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने की शपथ भी ली।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए प्लास्टिक का उपयोग कम करें और स्वच्छ व हरित फरीदाबाद बनाने में सहयोग दें।