Faridabad/Alive News: मॉडर्न स्कूल सेक्टर-17 ने सीबीएसई कक्षा 12 बोर्ड परीक्षा सत्र 2025-26 में शानदार परिणाम दर्ज करते हुए एक बार फिर शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय दिया है। स्कूल के विद्यार्थियों ने मेहनत, अनुशासन और समर्पण के दम पर बेहतरीन प्रदर्शन कर स्कूल का नाम रोशन किया।
मानविकी संकाय में यशिका ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टॉप किया, जबकि अनन्या तिवारी ने 97.8 प्रतिशत अंक हासिल किए। वाणिज्य संकाय में खुशी आंचलिया ने 96.2 प्रतिशत और लक्षिका करण ने 95.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। विज्ञान संकाय में जितेश मंगला ने 95 प्रतिशत तथा मयंक पंत ने 94.6 प्रतिशत अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस वर्ष परीक्षा में कुल 195 छात्र शामिल हुए। इनमें से 30 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 78 छात्रों ने 80 प्रतिशत से अधिक और 114 विद्यार्थियों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए। विज्ञान, वाणिज्य और मानविकी तीनों संकायों में छात्रों का प्रदर्शन सराहनीय रहा।
स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ.नीलिमा जैन ने छात्रों की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि छात्रों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने सभी सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

