July 26, 2026

स्पेन के जंगलों में भीषण आग, 70 हजार लोग घर छोड़ने को मजबूर; प्रशासन का रेस्क्यू अभियान जारी

स्पेन के जंगलों में लगी भीषण आग और रेस्क्यू अभियान का दृश्य।

International/Alive News: स्पेन की राजधानी मैड्रिड के पश्चिमी इलाकों में लगी भीषण जंगल की आग ने भारी तबाही मचा दी है। आग तेजी से फैलने के कारण अब तक करीब 70 हजार लोगों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा है। प्रशासन और दमकल विभाग लगातार आग पर काबू पाने और लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटा है।

स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया और कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता लोगों की जान बचाना और आबादी वाले इलाकों की सुरक्षा करना है। उन्होंने बताया कि तेज हवाओं की संभावना के कारण आने वाले कुछ घंटे काफी चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।

अधिकारियों के अनुसार, सूखे मौसम और तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैल रही है। इसे इस क्षेत्र की अब तक की सबसे भयावह जंगल की आग माना जा रहा है।

आग से प्रभावित सेनिसीएंटोस और आसपास के इलाकों से लोगों को निकालकर राजधानी के पास बने स्पोर्ट्स हॉल में ठहराया गया है। वहीं, ब्रुनेट शहर की मेयर मार निकोलस ने कहा कि हर साल आग लगती है, लेकिन इस बार की आग बेहद विनाशकारी साबित हुई है।

भीषण आग के कारण मैड्रिड के आसमान में घना धुआं छा गया। जलने की गंध शहर तक पहुंच गई, जिससे लोगों को गले में खराश की शिकायत होने लगी। खराब हवा की गुणवत्ता को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय ने लोगों को लंबे समय तक बाहर न रहने और खिड़कियां बंद रखने की सलाह दी है।