International/Alive News: नेपाल सरकार ने भारतीय और नेपाली नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए ₹25,000 तक के नए भारतीय नोट नेपाल लाने और ले जाने की अनुमति दे दी है। यह अनुमति केवल 9 नवंबर 2016 के बाद जारी ₹200 और ₹500 के भारतीय नोटों पर लागू होगी।
नेपाल राष्ट्र बैंक (NRB) ने नई अधिसूचना जारी कर बताया कि 8 नवंबर 2016 से पहले जारी ₹500 और ₹1,000 के पुराने भारतीय नोटों पर पहले की तरह प्रतिबंध जारी रहेगा।
नई व्यवस्था के अनुसार, नेपाली नागरिक भारतीय मुद्रा केवल भारत से नेपाल ला सकेंगे। उन्हें यह भारतीय मुद्रा नेपाल से किसी तीसरे देश में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
नेपाल राष्ट्र बैंक के प्रवक्ता गुरु प्रसाद पौडेल ने कहा कि इस फैसले से नेपाल आने वाले भारतीय पर्यटकों और भारत के साथ व्यापार करने वाले नेपाली नागरिकों को काफी सुविधा मिलेगी।
अधिसूचना में यह भी कहा गया है कि नेपाली नागरिक और विदेशी यात्री 5,000 अमेरिकी डॉलर या उसके बराबर विदेशी मुद्रा बिना कस्टम घोषणा के नेपाल ला सकते हैं। इससे अधिक राशि होने पर कस्टम विभाग में घोषणा करना अनिवार्य होगा।

