July 31, 2026

स्पेन में घुसने की कोशिश में 34 प्रवासियों की मौत, मोरक्को से आए हजारों लोगों के बीच भगदड़

स्पेन के स्यूटा बॉर्डर पर सीमा पार करने की कोशिश करते प्रवासी और तैनात सुरक्षाकर्मी।

International/Alive News: स्पेन में अवैध रूप से प्रवेश करने की कोशिश के दौरान 34 अफ्रीकी प्रवासियों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब हजारों लोग मोरक्को से स्पेन के स्यूटा (Ceuta) शहर में घुसने की कोशिश कर रहे थे। भीड़ बढ़ने से भगदड़ मच गई, जिसमें कई लोगों की दम घुटने और समुद्र में डूबने से मौत हो गई।

रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब तीन हजार प्रवासियों ने एक साथ सीमा पार करने का प्रयास किया। सीमा पर सुरक्षा बलों की घेराबंदी और संकरे रास्तों के कारण लोग एक-दूसरे पर गिर पड़े। इस दौरान स्पेन और मोरक्को के 100 से अधिक सुरक्षाकर्मी भी घायल हुए।

स्पेन सरकार के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में करीब 60 हजार लोग मोरक्को की ओर से तैरकर या पैदल स्यूटा पहुंचने की कोशिश कर चुके हैं। यह संख्या शहर की कुल आबादी के लगभग 70% के बराबर बताई जा रही है।

स्यूटा क्यों है प्रवासियों का मुख्य रास्ता?

स्यूटा भौगोलिक रूप से अफ्रीका में स्थित है, लेकिन यह स्पेन और यूरोपीय संघ (EU) का हिस्सा है। इसलिए यहां पहुंचने वाले प्रवासियों को यूरोप में प्रवेश का रास्ता मिल जाता है। बेहतर रोजगार और सुरक्षित जीवन की तलाश में हर साल हजारों लोग इसी मार्ग से यूरोप पहुंचने का प्रयास करते हैं।

सीमा पर बढ़ाई गई सुरक्षा

हालात को देखते हुए स्पेन सरकार ने सीमा पर अतिरिक्त सैनिक तैनात किए हैं। समुद्री और हवाई निगरानी बढ़ा दी गई है, जबकि समुद्र के रास्ते आने वाले प्रवासियों पर नजर रखने के लिए गोताखोरों की टीमें भी लगाई गई हैं। यूरोपीय संघ ने भी स्पेन को हर संभव सहायता देने की पेशकश की है।

कोर्ट के फैसले के बाद बढ़े प्रयास

रिपोर्ट के अनुसार, हाल ही में स्पेन की सुप्रीम कोर्ट ने फैसला दिया था कि समुद्र के रास्ते स्पेन पहुंचने वाले प्रवासियों को बिना कानूनी प्रक्रिया अपनाए तुरंत वापस नहीं भेजा जा सकता। इसके बाद मानव तस्करी गिरोहों ने इस जानकारी का फायदा उठाते हुए बड़ी संख्या में लोगों को समुद्र के रास्ते स्पेन पहुंचने के लिए प्रेरित किया।