Faridabad/Alive News: ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-78 में शुक्रवार रात एक पुलिसकर्मी पर हमला कर उसकी महिला मित्र का कथित अपहरण करने का मामला सामने आया है। पुलिस और क्राइम ब्रांच की त्वरित कार्रवाई से युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया गया, जबकि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, बीपीटीपी थाने में तैनात एक ASI अपनी परिचित महिला, जो पेशे से डेंटिस्ट है, के साथ सेक्टर-78 स्थित विज्ञान भवन के पीछे कार में बैठे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर आए तीन युवकों ने उनकी कार के आगे बाइक लगाकर रास्ता रोक लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने ASI के साथ मारपीट शुरू कर दी।
कुछ देर बाद दो अन्य युवक भी मौके पर पहुंचे। इनमें से एक ने लोहे के सरिये से ASI पर हमला किया। इसके बाद आरोपी कार में जबरन बैठ गए और महिला को साथ लेकर कार सहित मौके से फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला को कई जगह घुमाते रहे और उसके साथ मारपीट भी की। इस बीच घायल ASI ने एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और घटना की सूचना पुलिस व क्राइम ब्रांच को दी।
सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच सेक्टर-75 और सेक्टर-65 की टीमों ने तकनीकी निगरानी के आधार पर आरोपियों का पीछा किया। गांव फरीदपुर बस अड्डे के पास पुलिस ने कार को घेरकर युवती को सुरक्षित छुड़ा लिया और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
घायल महिला को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

