July 31, 2026

फरीदाबाद में करंट लगने से दो मजदूरों की मौत, सीवर लाइन का गड्ढा खोदते समय हुआ हादसा

फरीदाबाद सेक्टर-14 में करंट लगने से दो मजदूरों की मौत के बाद मौके पर पहुंची पुलिस।

Faridabad/Alive News: सेक्टर-14 में सीवर लाइन जोड़ने के लिए गड्ढा खोदते समय करंट लगने से दो मजदूरों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और शिकायत के आधार पर मकान मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सेक्टर-14 स्थित कोठी नंबर-692 के बाहर सीवर लाइन का काम चल रहा था। खुदाई के दौरान फावड़ा जमीन के नीचे से गुजर रही बिजली की लाइन से टकरा गया, जिससे दो मजदूर करंट की चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान मनीष (55) निवासी सेक्टर-3 और शहंशाह (29) निवासी सेक्टर-2 के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे।

हादसे के समय मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने आरोप लगाया कि मकान मालिक को जमीन के नीचे बिजली की लाइन होने की जानकारी थी, लेकिन काम शुरू करने से पहले उन्हें इसकी सूचना नहीं दी गई। उनका कहना है कि यदि पहले से जानकारी दी जाती तो यह हादसा टाला जा सकता था।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बादशाह खान नागरिक अस्पताल की मॉर्च्युरी भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मकान मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।