May 19, 2024

27 महीने बाद जेल से रिहा हुए सपा नेता, समर्थकों में खुशी की लहर

Lucknow/Alive News : सपा नेता आजम खां 27 महीने बाद जेल से रिहा हुए है। इस दौरान उनके दोनों बेटे उन्हें सीतापुर जेल लेने पहुंचे। सभी कागजी कार्रवाहीं पूरी होने के बाद आजम खां अपने दोनों बेटों के साथ पहले पूर्व सपा विधायक अनूप गुप्ता के घर पहुंचे। यहां समर्थकों की भारी भीड़ ने उन्हें घेर लिया। समर्थकों का बड़ा हुजूम आजम के पहुंचने से पहले ही वहां मौजूद था।

आजम की रिहाई पर अखिलेश यादव ने ट्वीट कर आजम खां का स्वागत किया है। अखिलेश ने लिखा कि सपा के वरिष्ठ नेता व विधायक आजम खान जी के रिहा होने पर उनका हार्दिक स्वागत है। जमानत के इस फैसले से सर्वोच्च न्यायालय ने न्याय को नए मानक दिए हैं।

जेल से रिहा होने के बाद आजम खान ने जेल की सुरक्षा को काफी बेहतर बताया। जानकारी के अनुसार सपा नेता आजम खां करीब 28 महीने से जिला कारागार में बंद हैं। उनके साथ उनकी पत्नी तंजीम फातिमा और बेटा अब्दुला आजम भी कारागार में निरुद्ध थे। पत्नी और बेटे को पहले ही जमानत पर रिहा किया जा चुका है। आजम खां पर 85 से अधिक केस दर्ज हैं। एक मामले में उनको जमानत मिलना बाकी थी।

लेकिन सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर गुरुवार को उनको अंतरिम जमानत दे दी गई। रामपुर कोर्ट में सुप्रीम कोर्ट के आदेश की सॉफ्ट कॉपी भी दाखिल कर दी गई थी, लेकिन प्रमाणित कॉपी समय से दाखिल नहीं की जा सकी थी। सीतापुर जेल अधीक्षक के अनुसार दो मामलों में उनकी रिहाई के आदेश आने बाकी हैं, जो कि गुरुवार को छह बजे तक कारागार नहीं पहुंच सके थे।