August 17, 2026

फरीदाबाद में ठोस कचरा प्रबंधन नियम-2026 के पालन के निर्देश, ग्राम पंचायतों में होगा चार स्तर पर कचरा पृथक्करण

फरीदाबाद में ठोस कचरा प्रबंधन नियम-2026 प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता करतीं सीईओ शिखा

Faridabad/Alive News: ठोस कचरा प्रबंधन नियम-2026 को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) शिखा की अध्यक्षता में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम लघु सचिवालय, सेक्टर-12, फरीदाबाद में हुआ, जिसमें सभी खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों (बीडीपीओ) और ग्राम सचिवों ने भाग लिया।

प्रशिक्षण के दौरान जिला कार्यक्रम प्रवर्धक, एसबीएमजी, उपेंद्र सिंह ने ठोस कचरा प्रबंधन के तहत कचरे के चार स्तर पर पृथक्करण और गीले कचरे से खाद बनाने की प्रक्रिया की जानकारी दी।

सीईओ शिखा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ठोस कचरा प्रबंधन अभियान को सभी ग्राम पंचायतों में प्रभावी रूप से लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में सरपंचों और वार्ड सदस्यों की भागीदारी और जिम्मेदारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही, ग्रामीणों को कचरा अलग-अलग रखने के लिए लगातार जागरूक किया जाए।

उन्होंने पंचायत बैठकों के माध्यम से लोगों को ठोस कचरा प्रबंधन नियम-2026 की जानकारी देने और स्रोत स्तर पर ही कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके लिए अलग-अलग रंग के डस्टबिन का उपयोग किया जाएगा हरा डस्टबिन गीले कचरे, नीला सूखे कचरे, लाल सैनिटरी कचरे और काला खतरनाक कचरे के लिए निर्धारित किया गया है।

सीईओ ने खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों को अपने-अपने स्तर पर हर सप्ताह ठोस कचरा प्रबंधन की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा सभी बल्क वेस्ट जनरेटर की पहचान कर उन्हें सीपीसीबी पोर्टल पर पंजीकृत कराने को कहा गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन पर स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले ग्राम सचिव अख्तर हुसैन, नंद किशोर, रविंद्र और शुभम को पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर बल्लभगढ़ की खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी अंशु डागर, तिगांव की खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी आरती सहित अन्य अधिकारी और ग्राम सचिव उपस्थित रहे।