April 27, 2024

सिद्धू मूसेवाला की फॉरेंसिक रिपोर्ट में खुलासा, फेफड़ों में गोली लगने से हुई थी सिंगर की मौत

Chandigarh/Alive News: पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या में इस्तेमाल हथियारों की फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आ गई है। मूसेवाला की हत्या में AK47 के अलावा .30 बोर और 9 एमएम पिस्टल का इस्तेमाल हुआ। यह खुलासा मूसेवाला की बॉडी और वारदात की जगह से मिली गोलियों की जांच से हुआ है। हालांकि पुलिस अभी तक हत्या में इस्तेमाल हथियार रिकवर नहीं कर सकी है। कत्ल के बाद हरियाणा से कोई व्यक्ति शार्पशूटर्स से यह हथियार लेकर चला गया था।

मिली जानकारी के मुताबिक फॉरेंसिक जांच के बाद पुलिस ने खुलासा किया कि 7 गोलियां सीधे मूसेवाला को लगी थी। इनमें से 1 पूरी और 1 आधी बुलेट उनके शरीर से मिली है। मूसेवाला जिस थार से जा रहे थे, उस पर कुल 25 फायर लगे। हालांकि कुछ फायर आसपास दीवारों, घरों और खेतों में भी मिले हैं। स्पष्ट है कि शार्पशूटर्स ने मूसेवाला पर अंधाधुंध फायरिंग की। मूसेवाला की मौत फेफड़ों और लीवर में गोली लगने से हुई।

अभी तक 3 शूटर गिरफ्तार, 3 फरार
जानकारी के मुताबिक मूसेवाला की हत्या में 6 शार्प शूटर शामिल थे। जिनमें प्रियवर्त फौजी, कशिश, अंकित सेरसा, जगरूप रूपा, मनप्रीत मन्नु कुस्सा और दीपक मुंडी शामिल हैं। इनमें फौजी, कशिश और अंकित सेरसा गिरफ्तार हो चुके हैं। इन्हें दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया है। रूपा, मन्नु और मुंडी अभी फरार हैं। मूसेवाला के कत्ल को 45 दिन बीतने के बाद भी पंजाब पुलिस किसी शार्पशूटर को नहीं पकड़ सकी है। हालांकि साजिश रचने और मदद करने वाले 18 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं।