April 26, 2024

सिद्धदाता आश्रम ने मनाया गोदाम्बा उत्सव, लोगों में वितरित किए कंबल

Faridabad/Alive News: संत गोदाम्बा का महोत्सव आज लक्ष्मीनारायण दिव्यधाम में विधि विधान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गोदाम्बा का अभिषेक कर उनका विवाह उत्सव भी आयोजित हुआ। इस अवसर पर आश्रम के अधिष्ठाता विभूषित इंद्रप्रस्थ एवं हरियाणा पीठाधीश्वर रामानुजाचार्य स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य ने सविधि अभिषेक आदि विधियों को पूर्ण किया।

उन्होंने बताया कि गोदाम्बा को दक्षिण भारत में धर्मावलंबी आण्डाल देवी के रूप में जानते हैं। जो रामानुज परंपरा में आने वाले संत विष्णुचित्त स्वामी के घर जन्मी थीं। गोदाम्बा का मन बचपन से ही भगवान तिरूपति की आराधना में लगता था। गोदाम्बा की भगवान पर आसक्ति इतनी बढ़ी कि उन्होंने भगवान से विवाह करने की जिद ठान ली। जिसे भगवान के ही निर्देश पर उनके पिता विष्णुचित्त स्वामी ने स्वीकार कर लिया।

विवाह उपरांत गोदाम्बा भगवान का संग करने आगे बढ़ीं और उनमें ही समा गईं। अपने मधुर गीतों के कारण ही गोदाम्बा को रामानुज संप्रदाय में आलवार संतों में शामिल की गईं। गौरतलब है कि रामानुज संप्रदाय में संतों की परंपरा में आलवारों को बड़ा स्थान प्राप्त है। इस अवसर पर स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य ने भक्तों एवं साधु संतों को प्रसाद एवं सर्दियों से बचाव के लिए कंबल प्रदान किए।