August 6, 2026

बांग्लादेश में शाकिब अल-हसन के घर पर हमला, पत्थरबाजी और पेट्रोल बम से आग लगाने की कोशिश

बांग्लादेश के पूर्व क्रिकेटर शाकिब अल-हसन के मगुरा स्थित घर पर हमले के बाद का दृश्य।

International/Alive News: बांग्लादेश के पूर्व क्रिकेटर और अवामी लीग के पूर्व सांसद शाकिब अल-हसन के मगुरा स्थित घर पर हमला किया गया। यह घटना पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके शामिल होने के कुछ घंटों बाद हुई।

पुलिस के अनुसार, रात करीब 8:45 से 9:00 बजे के बीच कुछ लोगों ने शाकिब के घर पर पत्थर फेंके और खिड़कियों में तोड़फोड़ की। हमलावरों ने पेट्रोल से भरी बोतलों के जरिए घर में आग लगाने की भी कोशिश की।

हमले के समय घर खाली था, इसलिए किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। उस समय शाकिब श्रीलंका में थे।

शेख हसीना की ऑनलाइन बैठक में हुए थे शामिल

पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने बुधवार शाम करीब 25 मिनट तक वर्चुअल संबोधन दिया। इस कार्यक्रम में शाकिब अल-हसन, हसीना के बेटे सजीब वाजेद जॉय और पूर्व शिक्षा मंत्री मोहिबुल हसन चौधरी भी मौजूद थे। हालांकि, शाकिब ने इस दौरान कोई भाषण नहीं दिया।

अवामी लीग से सांसद रह चुके हैं शाकिब

शाकिब जनवरी 2024 में अवामी लीग के टिकट पर सांसद चुने गए थे। लेकिन छात्र आंदोलन और शेख हसीना सरकार के सत्ता से हटने के बाद से वह बांग्लादेश से बाहर हैं। फिलहाल वह अपने परिवार के साथ अमेरिका में रहते हैं और दुनिया की विभिन्न फ्रेंचाइजी क्रिकेट लीग में खेल रहे हैं।

कई मामलों की जांच का सामना कर रहे हैं

शाकिब अल-हसन के खिलाफ हत्या, गबन, धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग समेत कई मामलों की जांच चल रही है। अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के दौरान एक व्यक्ति की मौत के मामले में उनके खिलाफ भी हत्या का केस दर्ज किया गया था। हालांकि शाकिब का कहना है कि घटना से उनका कोई संबंध नहीं है और वह उस समय बांग्लादेश में भी मौजूद नहीं थे।

उन्होंने पहले यह भी कहा था कि जांच के कारण उनका बैंक खाता करीब दो साल से फ्रीज है, लेकिन अब तक उनके खिलाफ कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया है।

अवामी लीग नेताओं पर लगातार हमले

शेख हसीना सरकार के सत्ता से हटने के बाद से बांग्लादेश में अवामी लीग के कई नेताओं, पूर्व सांसदों और समर्थकों के घरों और संपत्तियों पर हमले, तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं। कई नेताओं के खिलाफ आपराधिक मामलों की जांच भी जारी है।