May 4, 2024

आर्य नगर में पीने के पानी की सप्लाई में आ रहा है सीवर का गंदा पानी

Faridabad/Alive News: सीवर ओवरफ्लो की समस्या से तो जनता पहले ही परेशान है और अब बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र के आर्य नगर की जनता को पीने के पानी की बूंद-बूंद के लिए तरसना पड़ रहा है। आर्य नगर में तीन दिन से पीने के पानी की सप्लाई में सीवर का गंदा पानी आ रहा है। ऐसा लग रहा है कि पानी की लाइन में लीकेज होने से सीवर का पानी आ रहा है। कई बार नगर निगम के अधिकारीयों को इस समस्या को लेकर शिकायत भी की गई है, लेकिन अभी तक कोई समाधान नही हुआ है। इससे परेशान होकर आर्य नगर के लोग पूर्व विधायक शारदा राठौर से मिले और उन्हें गंदा पानी दिखाया।

आर्य नगर में तीन दिन से बदबूदार पानी की सप्लाई हो रही है। आमजनता इससे परेशान होकर लगातर नगर निगम के अधिकारी के पास गंदा पानी सप्लाई होने की समस्या के समाधान के लिए जा रहे है, लेकिन नगर निगम के अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।

स्थानीय निवासी नैन सिंह ने पूर्व विधायक को बताया कि तीन दिन से वे लोग गंदा पानी आने से परेशान हैं। नगर निगम अधिकारियों को लगातार शिकायत कर रहे हैं लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है,  अधिकांश लोग खरीदकर पानी पी रहे हैं। लोगों की समस्या सुनने के बाद पूर्व विधायक ने नगर निगम के चीफ इंजीनियर रामजीलाल को फोन कर उन्हें समस्या बताई। पूर्व विधायक ने कहा अगर नगर निगम पीने का पानी उपलब्ध नहीं करा सकता तो बाकी समस्याओं के समाधान की उम्मीद करना बेमानी है। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा यदि यही हाल रहा तो वे क्षेत्र की जनता के साथ नगर निगम का घेराव करेंगी।