Gungun sharma/Alive News
Noida: ग्रेटर नोएडा निवासी विनोद कुमार सोमवार को ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए सेक्टर-32 स्थित एआरटीओ कार्यालय पहुंचे थे, लेकिन प्रदेशभर में आई सर्वर समस्या के कारण उनका काम नहीं हो सका। घंटों इंतजार के बाद उन्हें खाली हाथ घर लौटना पड़ा। उन्होंने कहा कि पेट्रोल के बढ़ते दामों के बीच वह काफी दूर से वाहन चलाकर आए थे, लेकिन सर्वर ठप होने से पूरा दिन और पैसा दोनों बर्बाद हो गया।
सोमवार को उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में परिवहन विभाग की ऑनलाइन सेवाएं तकनीकी बाधा के चलते प्रभावित रहीं। सर्वर में आई समस्या के कारण ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, फिटनेस, परमिट और टैक्स जमा करने सहित कई महत्वपूर्ण कार्य समय पर नहीं हो सके। इसका असर नोएडा के सेक्टर-32 स्थित एआरटीओ कार्यालय में भी देखने को मिला।
सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग अपने जरूरी कार्यों के लिए कार्यालय पहुंचे, लेकिन तकनीकी दिक्कत के कारण उन्हें निराशा हाथ लगी। कई आवेदक घंटों तक कार्यालय परिसर में बैठे रहे, जबकि कुछ लोगों को बिना काम कराए वापस लौटना पड़ा।
कार्यालय सूत्रों के अनुसार प्रदेश स्तरीय सर्वर में आई समस्या के चलते ऑनलाइन प्रक्रिया लगभग ठप रही। कर्मचारियों ने बताया कि सिस्टम बार-बार हैंग हो रहा था, जिससे आवेदन निस्तारण और दस्तावेजों के सत्यापन का कार्य प्रभावित हुआ।
ग्रेटर नोएडा निवासी वंदना ने बताया कि सर्वर की समस्या अब आम परेशानी बनती जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी तकनीकी खराबियों के कारण लोगों का अतिरिक्त समय और धन खर्च होता है। विशेष रूप से दूर-दराज से आने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है।
वर्जन
यह तकनीकी समस्या विभागीय स्तर पर संज्ञान में है और उसे दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। सर्वर सामान्य होते ही लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा कराया जाएगा।
— नंद कुमार, एआरटीओ प्रशासन एवं जन सूचना अधिकारी

