Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर–28 स्थित श्री शिवशक्ति मंदिर परिसर में शनिवार को श्री रामकथा के शुभारंभ से पूर्व भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में शामिल महिलाओं ने जयघोष के नारों से पूरे सेक्टर–28 को राममय कर दिया। इस धार्मिक आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अयोध्या धाम के कथा व्यास धर्माचार्य राघवेन्द्र (राघव जी) महाराज के नेतृत्व में निकाली गई इस कलश यात्रा के दौरान शंखनाद और बैंड की मधुर धुनों पर महिलाएं व बच्चे थिरकते नजर आए। चारों ओर “जय श्रीराम” के जयकारों से क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।
कलश यात्रा के पश्चात विद्वान आचार्यों द्वारा विधिवत मंत्रोच्चार के साथ श्री रामकथा का शुभारंभ कराया गया। इस अवसर पर कथावाचक धर्माचार्य राघवेन्द्र (राघव जी) महाराज ने श्री रामकथा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संपत्ति का मोह महाभारत का कारण बनता है, जबकि त्याग से रामराज्य की स्थापना होती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से जीवन में त्याग और मर्यादा को अपनाने का आह्वान किया।
महाराज ने कहा कि श्री रामकथा व्यक्ति को मर्यादित जीवन जीने की प्रेरणा देती है तथा ज्ञान और वैराग्य को जागृत करती है। उन्होंने यह भी बताया कि आंतरिक आनंद को योगी की तरह गृहस्थ जीवन में रहते हुए भी प्राप्त किया जा सकता है।
कथा की जानकारी देते हुए धर्माचार्य राघवेन्द्र महाराज ने बताया कि श्री रामकथा का आयोजन 13 दिसंबर 2025 से 21 दिसंबर 2025 तक प्रतिदिन सायं 3 बजे से 6 बजे तक श्री शिवशक्ति मंदिर परिसर में किया जाएगा। कथा का समापन 21 दिसंबर को सायं 7 बजे होगा, जिसके पश्चात हवन एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

