May 6, 2024

विश्व हिंदू परिषद के ऐलान के बाद शहर में लगी धारा- 144

New Delhi/Alive News : कर्नाटक में विश्व हिंदू परिषद द्वारा जामा मस्जिद में घुसकर पूजा करने का ऐलान करने के बाद से शहर में धारा 144 लागू कर दी गई है। मिली जानकारी के अनुसार शहर में सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक धारा 144 लागू रहेगी।

दरअसल, ज्ञानवापी मस्जिद विवाद की आग दूसरे राज्यों तक पहुंच गई है। कर्नाटक के श्रीरंगपटना में स्थित जामा मस्जिद को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। विश्व हिंदू परिषद का दावा है कि यहां पहले मंदिर था, जिसे टीपू सुल्तान ने गिराकर मस्जिद बनाई थी। अब विहिप ने जामा मस्जिद में घुसकर पूजा करने का एलान किया है।

जानकारी के मुताबिक शहर में शांति व्यवस्था बनी रहे उसके लिए पुलिस प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। शहर में 500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और चार चेक पोस्ट लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त मस्जिद रोड को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। साप्ताहिक बाजार को भी बंद कर दिया गया है। वहीं पांच किलोमीटर तक इलाके में शराब बिक्री पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।