June 12, 2026

भीषण गर्मी और लू का कहर, नोएडा में पारा 45 डिग्री

Noida/Alive News: शहर में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। बीते दिन नोएडा का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस माह का सबसे गर्म दिन रहा। मौसम विभाग की ओर से आज हीट वेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही बढ़ती तपिश के कारण लोगों को दिनभर उमस और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ेगा।

मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार गुरुवार को तापमान 44 से 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। साथ ही ऑरेंज अलर्ट रहेगा। वहीं शुक्रवार को तापमान 44 से 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाएगा और हीट वेव का येलो अलर्ट रहेगा। शनिवार को भी तापमान 44 से 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार 24 मई से 26 मई तक अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। साथ ही आने वाले दिनों में लू का असर और बढ़ने की संभावना जताई गई है।

वहीं बढ़ती गर्मी के साथ वायु प्रदूषण भी लोगों की चिंता बढ़ा रहा है। केन्द्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के हालिया आंकड़ों के अनुसार नोएडा का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 200 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है। जबकि ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 247 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी और ऑरेंज जोन में शामिल है। प्रदूषण और गर्मी के दोहरे असर से लोगों को सांस और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। डॉक्टरों के अनुसार लगातार धूप और लू के संपर्क में आने से हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन, चक्कर आना और कमजोरी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। उन्होंने लोगो को अधिक मात्रा में पानी पीने, हल्के और सूती कपड़े पहनने, बाहर निकलते समय सिर को ढकने तथा बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।