March 29, 2024

राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर विज्ञान मॉडल की प्रदर्शनी आयोजित

Faridabad/Alive News: एनआईटी तीन फरीदाबाद स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एनआईटी तीन फरीदाबाद की जूनियर रेडक्रॉस, गाइड्स और सैंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड ने प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा की अध्यक्षता में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर विज्ञान के मॉडल और पेंटिंग की प्रदर्शनी लगाई।

छात्राओं अंजली, केतिका, खुशी, नंदिनी, यासमीन, भारती, कनक, रितिका, किरण, प्रिया, दिव्या, समा खान, सिमरन एवम अध्यापिका अंशुल, रेखा और मौलिक मुख्याध्यापिका पूनम का इस आयोजन में विशेष योगदान रहा। बालिकाओं को संबोधित करते हुए विद्यालय की जूनियर रेडक्रॉस और सैंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड प्रभारी प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा ने कहा कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस रमन प्रभाव के आविष्कार के संदर्भ में मनाया जाता है।

इस आविष्कार की घोषणा भारतीय वैज्ञानिक सर चन्द्रशेखर वेंकटरमन ने 28 फरवरी 1928 को की थी। इस आविष्कार के लिये उन्हें 1930 में नोबल पुरस्कार प्रदान किया गया था। 2022 के राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का थीम विषय सतत भविष्य के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी में एकीकृत दृष्टिकोण है। प्राचार्य मनचंदा ने कहा कि देश के विकास के लिए वैज्ञानिक सोच का प्रसार आवश्यक है। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस जैसे आयोजन वैज्ञानिक दृष्टिकोण के प्रसार में निश्चित रूप से सहायक सिद्ध हो सकते हैं। विज्ञान के द्वारा ही हम समाज के लोगों का जीवन स्तर अधिक से अधिक खुशहाल बना सकते हैं।

इस दिन सभी विज्ञान संस्थानों, राष्ट्रीय एवं अन्य विज्ञान प्रयोगशालाओं, विज्ञान अकादमियों, स्कूल और कॉलेज तथा प्रशिक्षण संस्थानों में विभिन्न वैज्ञानिक गतिविधियों से संबंधित प्रोग्राम आयोजित किए जाते हैं। महत्त्वपूर्ण आयोजनों में वैज्ञानिकों के लेक्चर, निबंध, लेखन, विज्ञान प्रश्नोत्तरी, विज्ञान प्रदर्शनी, सेमिनार तथा संगोष्ठी इत्यादि सम्मिलित हैं। विज्ञान की लोकप्रियता को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय एवं दूसरे पुरस्कारों की घोषणा भी की जाती है। विज्ञान की लोकप्रियता को बढ़ाने के लिए विशेष पुरस्कार भी रखे गए हैं।

राष्ट्रीय विज्ञान दिवस देश में विज्ञान के माध्यम से निरंतर उन्नति का आह्वान करता है। प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा ने अध्यापिका अंशुल, प्राध्यापिका जसनीत कौर, बालिकाओं भारती, कनक, रितिका, किरण, अंजली, केतिका, खुशी, नंदिनी, यासमीन, प्रिया, दिव्या, समा खान और सिमरन का सुंदर अभिव्यक्ति के लिए उत्साहवर्धन किया।