March 29, 2024

अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज टूर्नामेंट में भाग लेने हेतु खिलाडिय़ों का 4 मार्च को होगा ट्रायल : उपायुक्त

Palwal/Alive News: उपायुक्त कृष्ण कुमार ने बताया कि खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग हरियाणा द्वारा मार्च माह में अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज टूर्नामेंट का दिल्ली तथा चंडीगढ़ में आयोजन किया जाना है।

इन खेलों के लिए टीम का चयन 4 मार्च तक किया जाएगा। इन प्रतियोगिता में फुटबॉल, शतरंज, क्रिकेट, लॉन टेनिस और कैरम खेल शामिल हैं। इस प्रतियोगिता में हरियाणा राज्य के तैराकी प्रतियोगिता पुरूष/महिला 2021-2022 के खिलाड़ी भाग लेंगे।

जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी मैरी मसीह ने बताया कि सरकारी विभागों में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच हर साल विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया जाता है।

इस बार भी आगामी मार्च माह में सिविल सर्विस खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि लॉन टेनिस का टूर्नामेंट आगामी 9 मार्च से 14 मार्च तक चंडीगढ़ में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रवेश करने की अंतिम तिथि 04 मार्च 2022 निर्धारित की गई है।

इसके अलावा क्रिकेट का टूर्नामेंट 10 से 15 मार्च तक दिल्ली में, जिसमें प्रवेश की अंतिम तिथि 07 मार्च है। कैरम टूर्नामेंट 11 मार्च से 15 मार्च तक दिल्ली में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रवेश की अंतिम तिथि 07 मार्च 2022 निर्धारित की गई है।

फुटबॉल का टूर्नामेंट 10 से 15 मार्च तक दिल्ली में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रवेश की अंतिम तिथि 07 मार्च 2022 है तथा शतरंज का टूर्नामेंट 10 से 17 मार्च तक दिल्ली में आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रवेश करने की अंतिम तिथि भी 07 मार्च 2022 रहेगी।