March 7, 2026

विकास कार्यों के नाम पर घोटाले की खुलीं पोल, टैक्स के पैसों की खुलेआम लूट

Faridabad/Alive News: नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर एक बड़ा घोटाला सामने आया है। सड़कों और गलियों के निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल के आरोपों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय स्तर पर कराए गए सैंपल टेस्ट में सामने आए खुलासों के बाद नगर निगम के कई वार्डों में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार नगर निगम के वार्ड नंबर 25, 26 और 27 में चल रहे विकास कार्यों की जांच के लिए सैंपल टेस्ट कराया गया था। टेस्ट रिपोर्ट में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है। जिन टाइल्स को ठेकेदारों द्वारा 40 ग्रेड बताया जा रहा था, उनका वास्तविक ग्रेड मात्र 19 से 21 के बीच पाया गया। इससे साफ हो गया है कि निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है।

इस खुलासे के बाद यह आरोप लग रहे हैं कि विकास के नाम पर जनता के टैक्स के पैसे की खुली लूट की जा रही है। सड़कों, गलियों और अन्य निर्माण कार्यों में कमजोर और घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे इन कार्यों के कुछ ही समय में दोबारा टूटने और खराब होने की आशंका जताई जा रही है।

अब वार्ड 24 और 28 में भी सैंपल टेस्ट कराने की तैयारी की जा रही है। माना जा रहा है कि वहां भी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर कई अहम और चौंकाने वाले तथ्य सामने आ सकते हैं।

भ्रष्टाचार के खिलाफ शुरू हुई मुहिम
लोगों के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि कुछ नेताओं और अधिकारियों के नए-नए मकान, आलीशान दफ्तर और महंगी गाड़ियां आखिर किस आय से खड़ी की गई हैं।

जांच और कार्रवाई की मांग
इस पूरे मामले को लेकर अब जोरदार मांग उठ रही है कि सभी वार्डों में कराए गए विकास कार्यों की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट किया जाए और लापरवाही के जिम्मेदार अधिकारियों और नेताओं पर कानूनी कार्रवाई की हो

लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले समय में शहर की सड़कों और गलियों की हालत और भी बदतर हो जाएगी, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ेगा।