March 8, 2026

सतयुग दर्शन ट्रस्ट का विश्वस्तरीय निष्काम सेवा अभियान 31 अगस्त तक बढ़ा

Faridabad/Alive News: भूपानि ग्राम स्थित सतयुग दर्शन ट्रस्ट ने मानवता, करूणा और निष्काम सेवा का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करते हुए 1 जुलाई से शुरू किए गए विश्वस्तरीय निष्काम सेवा अभियान को सेवा के नए आयाम देते हुए 31 जुलाई से बढ़ाकर 31 अगस्त 2025 तक जारी रखने का निर्णय लिया है।

ट्रस्ट के प्रवक्ता के अनुसार, इस अभियान में प्रत्येक सेवादार ने अपनी एक माह की आय मानवता की सेवा के लिए समर्पित की है। इसके माध्यम से लाखों जरूरतमंद परिवारों को राशन, कपड़े, शिक्षण सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुएं पहुंचाई गईं।

अभियान के दायरे में अब केवल मानव सेवा ही नहीं, बल्कि गायों, कुत्तों, पक्षियों जैसे मूक प्राणियों की सेवा भी शामिल की गई है। प्रत्येक सदस्य ने प्रतिदिन 50 से 100 रुपये मूल्य तक की सामग्री जैसे रोटी, दूध, दाना, बाजरा, मक्का आदि इन प्राणियों को उपलब्ध कराने का संकल्प लिया है। इस सेवा भावना को और व्यापक बनाने के लिए 1 अगस्त से 30 सितंबर तक अभियान देश-विदेश में जोर-शोर से चलाया जाएगा।

ट्रस्ट का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य समाज में आत्मीयता, करूणा, दया और सेवा की भावना को जागृत करना है, ताकि लोग फल की इच्छा से मुक्त होकर उदार हृदय से हर प्राणी की सेवा कर सकें। इस प्रयास से समाज में समरसता, सकारात्मक ऊर्जा और प्रेम का प्रसार हो रहा है।

अभियान की गूंज भारत ही नहीं, बल्कि अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, दुबई, जर्मनी, कुवैत, कतर और इंग्लैंड जैसे देशों में भी सुनाई दी है। ट्रस्ट का यह स्पष्ट संदेश है कि उसके लिए जाति, धर्म और रंगभेद से ऊपर मानवता सर्वोपरि है।

सतयुग दर्शन ट्रस्ट के अन्य कार्यक्रम जैसे मानवता-ई-ओलंपियाड, स्पिरिचुअल एलोक्वेंस और स्पिरिचुअल इकोज भी बचपन से ही समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

ट्रस्ट ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे 7 सितंबर 2025 को विश्व समभाव दिवस के अवसर पर ट्रस्ट के विशाल सभागार में आयोजित कार्यक्रम में भाग लें और इस निष्काम सेवा अभियान का प्रत्यक्ष अनुभव करें। इच्छुक व्यक्ति ट्रस्ट की मोबाइल ऐप गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर इसकी गतिविधियों से जुड़ सकते हैं।