Faridabad/Alive News: संजय कॉलोनी में रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस चौकी संजय कॉलोनी की टीम ने मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि तीन अन्य आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी बहन अपने पति से अलग होने के बाद एक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था।
30 जून की शाम आरोपी अपने साथियों के साथ शिकायतकर्ता के घर पहुंचा और परिवार को बाहर निकलने की चुनौती देने लगा। शोर सुनकर शिकायतकर्ता का छोटा भाई सूरज बाहर आया तो मुख्य आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया, जबकि अन्य आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
मामले में थाना मुजेसर में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच के दौरान अभिषेक कुमार, बंटी, तरन सिंह और कर्ण को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

