July 4, 2026

फर्जी ट्रांसपोर्ट बुकिंग से 10 टन आयरन स्क्रैप की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

आयरन स्क्रैप ठगी मामले में गिरफ्तार आरोपी और बरामद कैंटर।

Faridabad/Alive News: फर्जी ट्रांसपोर्ट बुकिंग के जरिए 10 टन से अधिक आयरन स्क्रैप की ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। विशेष जांच टीम (SIT) ने आरोपी को लुधियाना से पकड़कर वारदात में इस्तेमाल कैंटर बरामद किया। साथ ही आरोपी के खाते में जमा 3.20 लाख रुपये भी फ्रीज करा दिए गए। अदालत में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी गुरूप्रताप सिंह, निवासी सावन एन्क्लेव, लुधियाना ने BlackBuck ट्रक बुकिंग एप पर फर्जी मोबाइल नंबर से पंजीकरण कर ट्रांसपोर्ट उपलब्ध होने की जानकारी डाली। शिकायतकर्ता ने इसी एप के जरिए उससे संपर्क कर 12 जून को सेक्टर-24 स्थित भंडारी इंटरप्राइजेज से करीब 10 टन 120 किलोग्राम आयरन स्क्रैप लुधियाना भेजने के लिए लोड कराया।

माल लोड होने के बाद आरोपी और चालक ने अपने मोबाइल बंद कर दिए और लुधियाना में स्क्रैप करीब 3.60 लाख रुपये में बेच दिया। इस मामले में भगत सिंह कॉलोनी निवासी देवेंद्र सिंह की शिकायत पर थाना शहर बल्लभगढ़ में केस दर्ज किया गया था। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।