October 7, 2026

गली में कांटा लगाने को लेकर विवाद, जानलेवा हमले के मामले में 8 आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद संजय कॉलोनी जानलेवा हमला मामले में गिरफ्तार आरोपी

Faridabad/Alive News: संजय कॉलोनी में गली में कांटा (Weighing Machine) लगाने को लेकर हुए विवाद में जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल, 2 जिंदा कारतूस और 4 खाली कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 25 सितंबर 2026 को संजय कॉलोनी निवासी विजयपाल सिंह ने पुलिस चौकी संजय कॉलोनी में शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि गली में कांटा लगाने को लेकर हुए विवाद के बाद मनोज भाटी और उसके बेटे भविष्य भाटी ने अपने साथियों के साथ मिलकर शिकायतकर्ता और उसके साथियों पर हमला कर दिया।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। मौके से 4 खाली कारतूस और 2 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके बाद मनोज भाटी और उसके बेटे भविष्य भाटी को 25 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल WEBLEY PISTOL भी बरामद की। इसके बाद मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए गए।

पुलिस ने 5 अक्टूबर को जवाहर कॉलोनी निवासी विजय कुमार और सागर तथा गांव गोछी निवासी अमित को गिरफ्तार किया। इसके बाद 6 अक्टूबर को जवाहर कॉलोनी निवासी मोनू, हप्पी उर्फ दिव्यम और शुभम को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की गई। सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों और इसमें शामिल लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।