October 7, 2026

कोरिया से आया पार्ट, 25 दिन बाद ठीक हो रही बीके अस्पताल की अल्ट्रासाउंड मशीन

Faridabad/Alive News: बीके नागरिक अस्पताल की अल्ट्रासाउंड मशीन करीब 25 दिन से खराब पड़ी है। मशीन में लगे जिस उपकरण में खराबी आई थी, उसका भारत में उत्पादन बंद हो चुका है। ऐसे में अस्पताल प्रबंधन को यह पार्ट कोरिया से मंगवाना पड़ा। पार्ट मिलने के बाद मंगलवार को संबंधित एजेंसी के इंजीनियर अस्पताल पहुंचे और मशीन में नए उपकरण को इंस्टॉल करने का काम शुरू किया।

अस्पताल प्रबंधन को उम्मीद है कि बुधवार तक मशीन की मरम्मत पूरी हो जाएगी और गुरुवार से मरीजों के लिए अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा दोबारा शुरू हो सकती है। मशीन खराब होने के कारण इस दौरान अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच नहीं हो पा रही है। खासकर गर्भवती महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में रोजाना करीब 40 गर्भवती महिलाओं की अल्ट्रासाउंड जांच होती है। मशीन बंद होने से उन्हें निजी अस्पतालों और डायग्नोस्टिक सेंटरों में जांच करवानी पड़ रही है। इसके अलावा अस्पताल में भर्ती करीब पांच से सात मरीजों, दुष्कर्म पीड़िताओं और दो से चार कैदियों की जरूरत के अनुसार अल्ट्रासाउंड जांच भी की जाती है। मशीन बंद होने के कारण इन मरीजों को भी बाहर जांच करवानी पड़ रही है।