October 7, 2026

सफाई कर्मचारी रोज उठाते हैं कूड़ा, फिर भी सेक्टर-8 में दोबारा लग जाता है ढेर  

Faridabad/Alive News: सेक्टर-8 के सूरदास पार्क के आसपास सफाई व्यवस्था के बावजूद कूड़े की समस्या खत्म नहीं हो रही है। पार्क के मुख्य प्रवेश द्वार, सीआईएसएफ की दीवार के पास और मकान नंबर 1822 के सामने बार-बार कूड़ा जमा होने से यहां डंपिंग प्वाइंट जैसी स्थिति बनती जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कूड़े के कारण आसपास गंदगी और दुर्गंध बनी रहती है, जिससे पार्क में आने वाले लोगों और आसपास रहने वाले परिवारों को परेशानी हो रही है।

सेक्टर-8 आरडब्लूए  के अनुसार, यह समस्या सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से पहले से बनी हुई है। हालांकि सफाई कर्मचारी रोजाना यहां आकर कूड़ा उठाते हैं, लेकिन सफाई के बाद आसपास के कुछ लोग दोबारा उसी स्थान पर कूड़ा डालकर चले जाते हैं। इससे कुछ ही समय बाद पार्क के आसपास फिर कूड़े का ढेर दिखाई देने लगता है। आरडब्लूए की ओर से इस समस्या की जानकारी नगर निगम के संबंधित अधिकारियों को कई बार दी जा चुकी है।

नियमित निगरानी की मांग

सेक्टर-8 के आरडब्लूए के उपाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने कहा कि पार्क के प्रवेश द्वार और रिहायशी मकानों के सामने कूड़ा जमा होना लोगों के लिए परेशानी का कारण है। उन्होंने नगर निगम से इन स्थानों का निरीक्षण कर कूड़ा तत्काल हटाने और दोबारा कूड़ा डालने वालों पर कार्रवाई के लिए प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की। केवल सफाई कराने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। इन स्थानों पर नियमित निगरानी के साथ उचित कूड़ा संग्रहण व्यवस्था जरूरी है, ताकि सफाई के बाद दोबारा कूड़ा न जमा हो और रिहायशी क्षेत्र में डंपिंग जैसी स्थिति खत्म हो सके।

वर्जन 

मौके का मुआयना करने के बाद पूरे मामले की जानकारी दी जाएगी।

– जगवीर सिंह, सेनेटरी इंस्पेक्टर एमसीएफ