Mumbai/Alive News: टीवी जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। लोकप्रिय टीवी शो ‘कुमकुम भाग्य’ में दिया टंडन का किरदार निभाकर पहचान बनाने वाली अभिनेत्री संचिता उगाले का आत्महत्या करने से निधन हो गया है। उनके निधन की खबर से टीवी इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 22 वर्षीय संचिता उगाले का शव उनके घर में मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अब तक घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।
संचिता उगाले के निधन के बाद उनके सोशल मीडिया अकाउंट की आखिरी पोस्ट चर्चा में है। इंस्टाग्राम पर शेयर की गई उनकी अंतिम रील में वह बॉलीवुड के लोकप्रिय गीत “डफली वाले डफली बजा” पर मुस्कुराते हुए परफॉर्म करती नजर आ रही हैं। वीडियो में उनका खुशमिजाज अंदाज देखकर फैंस भावुक हो रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना महाराष्ट्र के नालासोपारा ईस्ट स्थित उनके घर की है। सूचना मिलने के बाद परिवार और स्थानीय लोग उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
संचिता उगाले ने कम उम्र में ही टीवी इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई थी। उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता जी टीवी के चर्चित धारावाहिक ‘कुमकुम भाग्य’ से मिली थी। अभिनेत्री ने कई इंटरव्यू में कहा था कि यह शो उनके करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।
टीवी के अलावा संचिता फिल्मी दुनिया में भी कदम रख चुकी थीं। वह हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘छावा’ में भी नजर आई थीं। अभिनय के क्षेत्र में उनका भविष्य उज्ज्वल माना जा रहा था।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और उनके निधन के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, उनके प्रशंसक और मनोरंजन जगत से जुड़े लोग सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

