June 26, 2026

फरीदाबाद में आरपीएफ की ड्रोन से निगरानी, बस्ती में असामाजिक तत्वों पर नजर

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने सोमवार शाम को नीलम रेलवे फ्लाईओवर के पास बनी बस्ती में ड्रोन कैमरे से निगरानी की। आरपीएफ पोस्ट प्रभारी श्रवण कुमार अपनी टीम के साथ डाउन रेलवे लाइन पर पहुंचे और एक्सपर्ट की मदद से ड्रोन उड़ाकर पूरे इलाके की जांच की।

इस दौरान ड्रोन कैमरे से बस्ती में रहने वाले असामाजिक तत्वों, अवांछनीय लोगों और नशा करने वालों की गतिविधियों को वीडियो और फोटो में रिकॉर्ड किया गया।

पोस्ट प्रभारी ने बताया कि इस निगरानी का उद्देश्य ऐसे लोगों पर नजर रखना और उनकी पहचान करना है। ड्रोन से मिली जानकारी को रियल टाइम में भी देखा जा रहा है और बाद में रिकॉर्डिंग की जांच भी की जाएगी।

यह निगरानी अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा। सोमवार शाम करीब 7 बजे से 8 बजे तक एक घंटे तक ड्रोन के जरिए बस्ती में जांच की गई।