November 12, 2026

रोहतक में साढ़े 4 घंटे बाद मोबाइल टावर से नीचे उतरा देवेंद्र, ग्रामीणों के समझाने पर माना

Devendra comes down from a mobile tower in Kheri Sadh village of Rohtak after a four-and-a-half-hour protest.

Rohtak/Alive News: हरियाणा के रोहतक जिले के खेड़ी साध गांव में मोबाइल टावर पर चढ़ा देवेंद्र करीब साढ़े चार घंटे बाद नीचे उतर आया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने उसे नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह ग्रामीणों के समझाने पर ही नीचे आया। देवेंद्र ने स्पष्ट कहा कि वह अधिकारियों के कहने पर नहीं, बल्कि गांव वालों के आग्रह पर टावर से उतरा है।

देवेंद्र गुरुवार सुबह करीब 10:45 बजे मोबाइल टावर पर चढ़ गया था। उसने गांव में पेयजल संकट, बदहाल सड़कों और सफाई व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। उसका कहना था कि जब तक गांव की समस्याओं का समाधान नहीं होगा, वह नीचे नहीं उतरेगा।

देवेंद्र के नाना रणबीर सिंह ने आरोप लगाया कि गांव में पिछले 12 वर्षों से नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। पानी की डिग्गी में गंदगी भरी है और उसकी दीवार भी टूटी हुई है। ग्रामीण कई बार नगर निगम अधिकारियों और मेयर से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं हुआ।

तहसीलदार गुलाब सिंह ने बताया कि देवेंद्र की मांग पर गांव में सफाई का काम शुरू करा दिया गया है। अन्य समस्याओं के समाधान का भी आश्वासन दिया गया है।

नीचे उतरने के बाद देवेंद्र ने कहा कि उसने गांव की समस्याओं को लेकर कई बार अधिकारियों और ग्रीवेंस मीटिंग में शिकायत की थी, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। उसकी कोई निजी मांग नहीं है।