May 18, 2024

रोडवेज ने लंबे रूट की बसों का संचालन किया शुरू, यह है नई समय सारणी

Faridabad/Alive News: कोरोना का प्रकोप कम होने और लॉकडाउन में छूट मिलते ही रोडवेज ने परिवहन को सामान्य करना शुरू कर दिया है। हरियाणा रोडवेज की लंबे रूट की बसें एक बार फिर सड़कों पर दौड़ने लगी हैं। कई रूटों पर रोडवेज ने बसों को बढ़ा दिया है। इससे उन यात्रियों को फायदा होगा। जो कोरोना काल में रोडवेज सेवाएं प्रभावित होने के कारण अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे थे।

दरअसल, लॉकडाउन के कारण हरियाणा रोडवेज की लंबे रूट की बसों की सेवा कुछ समय के लिए स्थगित कर दी गयी थी। लेकिन प्रदेश में कोरोना के मामलों में कमी आने के पश्चात अब इन बसों की सेवा दोबारा शुरू कर दी गयी है। रोडवेज ने अपने बेडे़ में अब राजस्थान जयपुर जाने वाली बस सेवा शुरू कर दी है। आपको बता दे कि इस रूट पर फिलहाल एक बस ही चलाई जा रही थी। जयपुर जाने वाली बस सेवा लॉकडाउन के साथ ही बंद कर दी गई थी।

File Photo

हालांकि कोरोना के मामले अब पहले की तुलना में कम हो गए है लेकिन सतर्कता बहुत जरुरी है। इसलिए बसों को केवल 50 फीसदी यात्रियों के साथ ही चलाने का निर्णय लिया गया है। लॉकडाउन के कारण बसों को दूसरे प्रदेश में भी केवल बार्डर टू बार्डर रूट पर ही शुरू किया गया है। चंडीगढ़ के लिए सात बसें चलाने का निर्णय लिया गया है। जयपुर, हिसार, जींद, रोहतक, भिवानी के लिए एक-एक बस जबकि नारनौल दो बसें अप-डाउन करेगी।

सभी रूटों पर समय निर्धारित
रोडवेज द्वारा बसों के संचालन के लिए समयसारणी जारी कर दी गयी है। इसमें भिवानी के लिए दोपहर एक बजे, हिसार के लिए डेढ़ बजे, जींद के लिए डेढ़ बजे, रोहतक के लिए दो बजे जबकि नारनौल का समय सुबह 6 बजे रखा गया है इसी प्रकार जयपुर जाने वाली बस भी सुबह छह बजे चलेगी। बसों के दोबारा संचालन से अपने गंतव्य तक जाने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलने की सम्भावना है। बसों के संचालन से उनकी यात्रा सरल हो जाएगी और वह समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच पाएंगे।

File Photo

प्रवासियों का आगमन शुरू
कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण लगे लॉकडाउन से प्रवासियों ने पलायन शुरू कर दिया था। जिससे कंपनियों को भी भारी नुकसान हुआ। लेकिन हालात सामान्य होने के पश्चात अब मजदूर वापस आना चाहते थे। परन्तु यातायात अवरुद्ध होने के कारण यह संभव नहीं हो पा रहा था। अच्छी बात यह है कि अब हरियाणा रोडवेज ने दोबारा बसों का संचालन शुरू कर दिया है। जिससे लोगों को आवागमन करने में सुविधा होगी।