Noida/Alive News: सेक्टर-144 में खस्ताहाल बिजली पोल स्थानीय निवासियों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। लोगों का आरोप है कि पिछले एक महीने से बिजली विभाग के अधिकारियों, एसडीओ और लाइनमैन को पोल की जर्जर स्थिति से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
सेक्टर-144 के महासचिव भगत सिंह तौंगड़ ने बताया कि संबंधित बिजली पोल काफी खराब स्थिति में है और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या विभाग किसी दुर्घटना के बाद ही जागेगा। उनका कहना है कि संभावित खतरे को देखते हुए पोल को तत्काल बदला जाना चाहिए, ताकि जनहानि और संपत्ति के नुकसान से बचा जा सके।
उन्होंने बिजली विभाग से अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने की मांग करते हुए जल्द समाधान की अपेक्षा जताई है। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र में किसी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

