Noida/Alive News: सेक्टर-22 के ए ब्लॉक में शुक्रवार को बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासियों के अनुसार सुबह से ही तीन से चार बार बिजली कटौती हुई, जबकि एक बार बिजली आपूर्ति एक घंटे से अधिक समय तक ठप रही। भीषण गर्मी के बीच बिजली न होने से बुजुर्गों, बच्चों और कामकाजी लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं।
निवासियों का कहना है कि लगातार हो रही बिजली कटौती से घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है। कई घरों में इनवर्टर भी जवाब देने लगे, जिससे लोगों को अतिरिक्त परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोगों ने बिजली विभाग से कटौती के कारणों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि कोई तकनीकी खराबी या रखरखाव कार्य चल रहा है तो इसकी पूर्व सूचना दी जानी चाहिए।
लोगों ने मुख्य अभियंता और संबंधित अधिकारियों से जल्द बिजली व्यवस्था सुधारने तथा बार-बार हो रही कटौती का स्थायी समाधान करने की मांग की है। विभाग ने समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है।

