Kolkata/Alive News: कोलकाता के चर्चित आरजी कर रेप और मर्डर केस में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के पूर्व विधायक निर्मल घोष को गिरफ्तार किया गया है। मामला 9 अगस्त 2024 को आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में हुई ट्रेनी डॉक्टर की रेप के बाद हत्या से जुड़ा है।
पीड़िता के अंतिम संस्कार को लेकर उठे सवालों के बाद निर्मल घोष की भूमिका की जांच शुरू हुई थी। आरोप है कि पानीहाटी में पीड़िता का अंतिम संस्कार जल्दबाजी में किया गया था और उस समय निर्मल घोष वहां मौजूद थे।
अंतिम संस्कार को लेकर उठे सवाल
आरजी कर मामले की दूसरी बरसी यानी 9 अगस्त को मुख्यमंत्री ने पुलिस को पीड़िता के अंतिम संस्कार से जुड़े मामले में नया केस दर्ज कर जांच करने के निर्देश दिए थे।
अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को लेकर कई सवाल उठाए गए हैं। इनमें अंतिम संस्कार की फीस माफ किए जाने और दस्तावेजों पर परिवार के सदस्यों के हस्ताक्षर नहीं होने जैसे मुद्दे शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा था कि इन परिस्थितियों की जांच जरूरी है। उन्होंने बैरकपुर पुलिस कमिश्नर को मामले में कार्रवाई के निर्देश देते हुए निर्मल घोष, काउंसलर सोमनाथ डे और परिवार के पड़ोसी संजीव मुखर्जी की भूमिका की जांच करने को कहा था।
9 अगस्त 2024 को हुई थी डॉक्टर की हत्या
आरजी कर अस्पताल में 9 अगस्त 2024 की रात एक ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप के बाद हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पश्चिम बंगाल समेत पूरे देश में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए थे।
मामले में सबूतों से छेड़छाड़ और घटना के बाद मामले को दबाने की कोशिश के आरोप भी लगाए गए थे। अब पीड़िता के अंतिम संस्कार से जुड़े घटनाक्रम की दोबारा जांच के बीच पूर्व TMC विधायक निर्मल घोष की गिरफ्तारी से मामला फिर चर्चा में है।
पुलिस अब अंतिम संस्कार की पूरी प्रक्रिया, उस समय मौजूद लोगों की भूमिका और संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है।

