Kolkata/Alive News: कोलकाता के नीलरतन सरकार (NRS) मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में स्टाफ नर्स की रहस्यमयी मौत का मामला सामने आया है। बुधवार रात ड्यूटी पर पहुंची स्टाफ नर्स रूपाली बर्मन का शव अस्पताल के शौचालय में मिला। काफी देर तक बाहर नहीं आने और अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बंद दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रात की ड्यूटी के दौरान टॉयलेट गई थीं
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक रूपाली बर्मन बुधवार रात करीब 8 बजे नाइट शिफ्ट के लिए अस्पताल पहुंची थीं। ड्यूटी के दौरान रात करीब 9 से 10 बजे के बीच वह अस्पताल के शौचालय में गईं।
काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटीं तो उनके सहकर्मियों ने आवाज लगाई। अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर अस्पताल कर्मियों को चिंता हुई और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने दरवाजा तोड़कर निकाला शव
सूचना मिलने के बाद एंटाली थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने पहले शौचालय के बंद दरवाजे के बाहर से आवाज लगाकर प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की। कोई जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने दरवाजा तोड़ दिया।
अंदर नर्स का शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कर्मचारियों और मरीजों के बीच भी बेचैनी का माहौल बन गया।
फोरेंसिक टीम और CCTV से जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। टीम घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाएगी। पुलिस अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों से पूछताछ करने के साथ नर्स की गतिविधियों और घटनाक्रम से जुड़ी जानकारी भी जुटा रही है।
कोलकाता पुलिस के ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर (क्राइम) कुणाल अग्रवाल के अनुसार, पुलिस को घटना की जानकारी रात करीब 10:30 बजे मिली थी। उन्होंने बताया कि मृतका अस्पताल के गायनी विभाग में नर्स के तौर पर काम करती थीं और शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
पुलिस के डीडी होमिसाइड विभाग ने जांच की जिम्मेदारी संभाल ली है। अधिकारी के मुताबिक, अब तक की जांच में आत्महत्या का कोई सबूत नहीं मिला है। फोरेंसिक टीम घटनास्थल की जांच करेगी और CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि नर्स की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

