New Delhi/Alive News: नई दिल्ली में संसद के बाहर कई दिनों से चल रहे विपक्ष के प्रदर्शन के दौरान दान पात्र में जमा हुए 2 लाख 14 हजार 390 रुपये अब कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर में जमा करा दिए गए हैं। समाजवादी पार्टी के सांसद गुरुवार को यह रकम लेकर मंदिर पहुंचे और इसे मंदिर में अर्पित किया।
विपक्षी सांसदों ने संसद भवन के मकर द्वार पर राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे को लेकर कई दिनों तक दान पात्र रखकर प्रदर्शन किया था। इस दौरान सांसद पप्पू यादव साधु के वेश में भी नजर आए थे, जिसको लेकर राजनीतिक विवाद हुआ था।
दान की रकम हनुमान मंदिर में जमा
सपा सांसदों ने बताया कि मॉनसून सत्र के दौरान विपक्ष के दान पात्र में कुल 2 लाख 14 हजार 390 रुपये जमा हुए। इस रकम को गुरुवार को कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर में जमा कराया गया।
सांसदों ने कहा कि हनुमान जी को धर्म का रक्षक माना जाता है, इसलिए दान पात्र में मिली राशि को मंदिर में जमा कराया गया है।
संसद के बाहर फिर आमने-सामने आए सत्ता पक्ष और विपक्ष
गुरुवार को संसद परिसर में एक बार फिर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक टकराव देखने को मिला। विपक्षी सांसद राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर प्रदर्शन और नारेबाजी कर रहे थे।
इसी दौरान NDA के सांसद भी विरोध प्रदर्शन करते हुए वहां पहुंच गए। सत्ता पक्ष के सांसदों ने झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली और अन्य मुद्दे उठाए।
NDA सांसदों ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि वह झारखंड में बच्चों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के मुद्दे पर क्यों नहीं बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी छात्रों के मुद्दे उठाने का दावा करते हैं, लेकिन झारखंड में छात्रों से जुड़े मामले पर उनकी चुप्पी क्यों है।
संसद परिसर में दोनों पक्षों के प्रदर्शन के चलते राजनीतिक माहौल एक बार फिर गरम दिखाई दिया।

