June 6, 2026

रबी खरीद सीजन 2026-27 की तैयारियों की समीक्षा, मंडियों में सभी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

Faridabad/Alive News: उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा की अध्यक्षता में शुक्रवार को रबी विपणन सीजन 2026-27 के तहत गेहूं एवं सरसों की खरीद व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला विपणन प्रवर्तन अधिकारी, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, भारतीय खाद्य निगम, हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन, चारों मंडियों के सचिव तथा मंडी एसोसिएशन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में डीसी आयुष सिन्हा ने सरकारी खरीद एजेंसियों को निर्देश दिए कि मंडियों में किसानों के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी व सुचारू रूप से संचालित हो। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ (MFMB) पोर्टल पर पंजीकृत किसानों को ही गेट पास जारी किए जाएं।

लिंकेज और स्टोरेज प्लान की समीक्षा करते हुए डीसी ने निर्देश दिए कि मोहना और बल्लभगढ़ मंडियों में अधिक आवक को देखते हुए पर्याप्त भंडारण व्यवस्था की जाए। भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) और हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के गोदामों का उचित उपयोग किया जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त भंडारण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। साथ ही परिवहन और उठान (लिफ्टिंग) में किसी प्रकार की देरी न हो, इसके लिए पर्याप्त संख्या में वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि मंडियों में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और बारदाने की उपलब्धता 31 मार्च तक सुनिश्चित कर ली जाए।

बैठक में एसडीएम अमित कुमार, डीएफएससी कविता सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।