Chandigarh/Alive News: हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने शुक्रवार को मीडिया के माध्यम से युवाओं के रोजगार और पर्यावरण संरक्षण को लेकर दो महत्वपूर्ण पहलों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार एक ओर युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाकर प्रदेश को हराभरा बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।
मंत्री ने बताया कि शनिवार 28 मार्च को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक भारतीय जनता युवा मोर्चा के सहयोग से मेगा जॉब फेयर का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय वाईएमसीए के शकुंतलम हॉल में आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि यह जॉब फेयर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक ठोस कदम है, जहां विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के आधार पर रोजगार के अवसर प्रदान करेंगी।
विपुल गोयल ने कहा कि लंबे समय से योग्य युवाओं को उचित मंच नहीं मिल पाता था, जबकि कंपनियां भी प्रतिभाशाली युवाओं की तलाश में रहती हैं। यह मेगा जॉब फेयर इस दूरी को समाप्त कर एक ही स्थान पर हजारों युवाओं को अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने बताया that अब प्रदेश में रोजगार प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो चुकी है और ‘परची-खर्ची’ जैसी व्यवस्थाओं को समाप्त कर योग्यता आधारित प्रणाली लागू की गई है।
उन्होंने कहा कि नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में निवेश और उद्योगों का विस्तार हो रहा है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। यह आयोजन उसी सकारात्मक वातावरण का परिणाम है। साथ ही उन्होंने कहा कि यह पहल नरेंद्र मोदी के युवा सशक्तिकरण के विजन से प्रेरित है, जिसमें स्किल इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी योजनाओं ने युवाओं को नई दिशा दी है।
इस अवसर पर मंत्री ने पानीपत में चल रहे ‘ग्रीन पानीपत मिशन’ के दूसरे चरण की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पहले चरण में करीब 50 हजार पौधे लगाए जा चुके हैं और अब दूसरे चरण में भी 50 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे कुल संख्या एक लाख तक पहुंचाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे जन आंदोलन का रूप दिया जा रहा है, जिसमें सरकार, प्रशासन, सामाजिक संगठन और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने पानीपत के नागरिकों से अपील की कि प्रत्येक परिवार कम से कम एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हराभरा वातावरण मिल सके।
अंत में उन्होंने मीडिया से अपील की कि मेगा जॉब फेयर और ग्रीन पानीपत मिशन जैसी पहलों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए, ताकि कोई भी युवा रोजगार के अवसर से वंचित न रहे और पर्यावरण संरक्षण का यह अभियान जन-जन तक पहुंचे।
इस दौरान सचिन ठाकुर (जिला अध्यक्ष, भारतीय जनता युवा मोर्चा) सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

