Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने की है।
पुलिस के अनुसार, बड़खल निवासी इरफान ने शिकायत दी थी कि 31 अक्टूबर 2025 को उसके चाचा के बेटे मोसिम का फोन आया, जिसमें उसने बताया कि तौफिक ने उसके साथ मारपीट की है। इसके बाद तौफिक के परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और सभी ने मिलकर मारपीट शुरू कर दी।
इस दौरान खालिद ने डंडे से सिर पर हमला किया। जब रिजवान बीच-बचाव करने आया, तो उस पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुबीन (38), खालिद (28), हनीफ (40) और मोहब्बत (22) निवासी गांव बड़खल, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है और मामले की आगे जांच जारी है।
जांच में सामने आया कि कुछ दिन पहले तौफिक और मोसिम के बीच कहासुनी हुई थी, उसी रंजिश में इस घटना को अंजाम दिया गया। मारपीट के दौरान मुबीन और खालिद ने क्रिकेट बैट, हनीफ ने कुल्हाड़ी और मोहब्बत ने लाठी से हमला किया।

